हल्द्वानी: दीपावली से पहले कांग्रेस में फेरबदल, बदले जा सकते हैं प्रदेश अध्यक्ष

हल्द्वानी। उत्तराखंड कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है। दीपावली से पहले प्रदेश के 20 संगठनात्मक जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति तय मानी जा रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने 15 अक्तूबर को दिल्ली में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक बुलाई है, जिसमें नए जिलाध्यक्षों के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय आब्जर्वरों की रिपोर्ट के आधार पर आधे से अधिक जिलाध्यक्षों की कुर्सी पर संकट मंडरा रहा है। एआईसीसी ने सितंबर महीने में प्रदेश की राजनीतिक नब्ज परखने के लिए 26 ऑब्जर्वर भेजे थे। इन ऑब्जर्वरों ने एक से 30 सितंबर तक सभी जिलों का दौरा कर 15 जिलाध्यक्षों और सात महानगर अध्यक्षों के दावेदारों पर रिपोर्ट सौंपी है।
कौन बनेगा प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश कांग्रेस में सबसे बड़ी चर्चा प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के पद को लेकर है। माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी तीनों कुमाऊं से हैं। संगठनात्मक संतुलन को पार्टी गढ़वाल से नया अध्यक्ष बनाने या गढ़वाल के किसी वरिष्ठ विधायक को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी देने पर विचार कर रही है। सूत्रों के अनुसार, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह इस दौड़ में आगे हैं।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद