अल्मोड़ा: निकाय चुनाव कराने में डर रही है सरकार: कर्नाटक

खबर शेयर करें

अल्मोड़ा। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बिट्टू कर्नाटक ने प्रदेश में निकाय चुनाव समय पर नहीं कराए जाने पर सरकार को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा की बीजेपी की सरकार हार की डर से बेहद भयभीत है। इसलिए सरकार निकाय चुनाव लोकसभा चुनाव के बाद कराने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा समझ चुकी है कि आज की इस महंगाई, बेरोजगारी और अवरूद्ध विकास से जनता का भाजपा से मोहभंग हो चुका है और यदि निकाय चुनाव होते हैं तो जनता भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी।इस डर के कारण भाजपा उत्तराखंड में निकाय चुनाव करने से कतरा रही है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव जनता का लोकतांत्रिक अधिकार है। लेकिन भाजपा सरकार लगातार जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने में लगी है। कर्नाटक ने कहा कि यदि भाजपा सरकार ने विकास किया होता तो आज विकास संकल्प यात्रा के माध्यम से भाजपा को गली गली अपना रथ ले जाकर ढिंढोरा पीटने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

यह भी पढ़ें 👉  टिहरी पोखरी डिग्री कॉलेज में कारगिल विजय दिवस मनाया

इन विकास संकल्प यात्राओं के माध्यम से भाजपा अपनी करनी पर पर्दा डालने का काम कर रही है।यदि भाजपा सरकार जनता की हितैषी होती तो नगरपालिकाओं का कार्यकाल समाप्त होते ही तुरंत निकाय चुनाव कराती। उन्होंने कहा कि यदि नगरपालिकाओं में प्रशासक बैठते हैं तो जनता को उनसे सीधा संवाद करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव टालकर सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा राज्य सरकार हार के भय से निकाय चुनावों को टालने का काम कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  टिहरी पोखरी डिग्री कॉलेज में कारगिल विजय दिवस मनाया

कहा कि वर्तमान में यदि भाजपा निकाय चुनाव कराती तो उसे हार का सामना करना पड़ता जिसका सीधा प्रभाव लोकसभा चुनाव में पड़ता। इस डर के कारण भाजपा निकाय चुनाव से भागने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आज आम जनता त्रस्त है। महंगाई का आलम यह है कि मध्यमवर्ग और निम्नवर्ग के सामने अपने परिवार का पालन पोषण करना तक मुश्किल हो रहा है।युवा भर्ती घोटालों से त्रस्त हैं। सरकार की नाकामी के कारण लगातार भर्ती घोटाले हो रहे हैं। जिससे उत्तराखंड का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में विकास का पहिया वर्तमान में पूरी तरह जाम है। उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क बेहद खराब स्थिति में है। उन्होंने कहा कि केवल विज्ञापनों के माध्यम से भाजपा सरकार स्वयं की पीठ थपथपाने का कार्य कर रही है और जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि मध्यप्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम तीन दिसम्बर को आ रहे हैं। जिसमें बहुमत से कांग्रेस पार्टी उबर कर सामने आयेगी। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की नीतियों को पूरी तरह समझ चुकी है। भविष्य में जो भी चुनाव आयेंगे जनता अपने मत के माध्यम से भाजपा सरकार को सबक सिखाने का काम करेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें

👉 सजग पहाड़ से फेसबुक पर जुड़ें

👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद