अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा, भाई दूज मनाकर लौट रही मां-बेटी समेत 3 लोगों की गहरी खाई में गिरने से मौत
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के विकासखंड भैंसियाछाना अंतर्गत दूरस्थ हरड़ा गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई दूज का त्योहार मनाकर लौट रही मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बुधवार सुबह हरड़ा निवासी बसंती गैड़ा (48) अपनी 15 वर्षीय पुत्री अंजली गैड़ा और अन्य महिलाओं के साथ पिथौरागढ़ के पाली गांव भाई दूज मनाने गई थीं। देर शाम सभी मैक्स वाहन से वापस लौट रहे थे। हरड़ा गांव पहुंचने से करीब एक किलोमीटर पहले अन्य महिलाएं अपने गांवों में उतर गईं, जबकि बसंती, उनकी बेटी और वाहन चालक हयात सिंह (28) को आगे जाना था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भीषण और एकांत स्थान पर था कि रातभर किसी को इसकी भनक नहीं लगी। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद ग्राम प्रधान ने पुलिस और 108 सेवा को सूचित किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों के शव खाई से बाहर निकाले।
इस दुर्घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतका बसंती के पति बीमार रहते हैं, बड़ा बेटा उदयपुर में नौकरी करता है और छोटा बेटा मोहन सिंह (17) घर पर ही रहता है। अंजली कक्षा नौ की छात्रा थी। घर में उनके लौटने का इंतजार हो रहा था, लेकिन उसकी जगह उनकी मौत की खबर पहुंची। वाहन चालक हयात सिंह की मौत से उनके परिवार में भी कोहराम मच गया है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद






