बेरीपड़ाव में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने चौकीदार को कुचला, दर्दनाक मौत

खबर शेयर करें

:


लालकुआं। गोरापड़ाव से हल्दूचौड़ के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय चौकीदार को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है,

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से नेपाल निवासी किशन चौधरी (55 वर्ष) लंबे समय से मोटाहल्दू स्थित विनोद स्टोन क्रेशर में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में वह अपने बेटे के साथ वहीं रह रहे थे।
शनिवार को किसी कार्य से वह बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान लालकुआं की ओर से हल्द्वानी की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशन चौधरी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर अचेत हो गए।


घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत कोतवाली लालकुआं पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से घायल को हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि गोरापड़ाव से हल्दूचौड़ के बीच हाईवे पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद हादसों की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम न उठाए जाने से लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।

मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान होते ही चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें

👉 सजग पहाड़ से फेसबुक पर जुड़ें

👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद