बड़ी खबर: कुमाऊं में धुंध हवाई सेवा पर बड़ा असर
हल्द्वानी। पहाड़ों में छाई धुंध के कारण मंगलवार को कुमाऊं में हवाई सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा। कम विजिबिलिटी के कारण 26 हेली सेवाएं ठप रहीं। वहीं गढ़वाल में चार प्रमुख उड़ानें रद रहीं। साथ ही पिथौरागढ़-दिल्ली फ्लाइट भी रद रही। यात्रियों को बैरंग लौटना पड़ा।
हल्द्वानी के गौलापार स्थित हेलीपोर्ट से निजी कंपनी हेरिटेज एविएशन के दो हेलीकॉप्टर रोजाना कुमाऊं के पांच शहरों के लिए कुल 26 हेली उड़ानें भरते हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से पहाड़ों में जंगलों की आग और मौसम में बदलाव के कारण जबरदस्त धुंध छाई हुई है। इसके चलते हेलीकॉप्टर उड़ाने के लिए जरूरी दृश्यता (विजिबिलिटी) नहीं मिल पा रही है। हेरिटेज कंपनी के बेस मैनेजर गौरव गहलोत ने बताया कि इन दिनों पर्वतीय क्षेत्रों में विजिबिलिटी 1000 मीटर से भी कम दर्ज की जा रही है, जबकि हेलीकॉप्टर संचालन के लिए पायलट को कम से कम 1500 मीटर की दृश्यता आवश्यक होती है। ऐसी स्थिति में सुरक्षा की दृष्टि से सभी हेली उड़ानें रद करनी पड़ी हैं। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार बुधवार को भी धुंध रहने की संभावना है। ऐसे में हेली सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं। कंपनी के बेस मैनेजर ने बताया कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद हुई हैं, उन्हें किराया लौटाया जाएगा। वहीं, बुकिंग की तारीख आगे बढ़ाने की सुविधा भी दी जाएगी।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद


