बड़ी खबर: पर्यटक सीजन से पहले नरीमन-गौला सड़क चौड़ी होगी, प्रशासन ने दी डेडलाइन

हल्द्वानी: जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर सोमवार शाम सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई और नगर आयुक्त परितोष वर्मा (नगर निगम हल्द्वानी) ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ नरीमन चौराहे से गौला पुल तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर मौजूद अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई भी की गई।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि यह कार्य लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड हल्द्वानी) द्वारा किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा इसके लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। चौड़ीकरण में बाधक विद्युत पोलों की शिफ्टिंग के लिए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के नगरीय खंड को पहले ही फंड ट्रांसफर कर दिया गया है।
सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि मंगलवार से ही नए विद्युत पोलों की स्थापना शुरू की जाए तथा आवश्यक शटडाउन लेकर लाइन शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।मार्ग के बाईं ओर जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य जारी है, जिसमें करीब 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
शेष कार्य 20 मार्च तक समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सीवर पिट स्थलों का लोक निर्माण विभाग के साथ संयुक्त चिन्हांकन कराने को कहा गया है।सड़क चौड़ीकरण के दौरान जमरानी खंड का एक अस्थायी निर्मित डॉम भी हटाना है। परियोजना प्रबंधक जमरानी खंड को 20 मार्च तक इसे डिस्मेंटल कर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। मार्ग के दाहिनी ओर आने वाली अन्य बाधाओं को भी 25 मार्च तक हटाने का आदेश दिया गया है।
सिटी मजिस्ट्रेट एवं नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि मार्च के अंतिम सप्ताह से सड़क की लेवलिंग और ग्रेडिंग शुरू कर दी जाए तथा डामरीकरण सहित शेष निर्माण कार्य अप्रैल माह तक पूरा कर लिया जाए। इससे आगामी पर्यटक सीजन में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को चौड़ी सड़क का लाभ मिल सकेगा।निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम एके कटारिया सहित लोक निर्माण विभाग, पावर कॉरपोरेशन, जमरानी खंड और जल निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद


