यहां पहचान छिपाकर रहने का मामला, दूसरे समुदाय का युवक पुलिस के हवाले, थाने में हंगामा

Haldwani: लालकुआं के बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर क्षेत्र में एक युवक द्वारा कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाकर खुद को ‘अमित’ बताकर एक परिवार के यहां रहने का मामला सामने आया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बुधवार को ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और हिंदूवादी कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, टेंट चौराहा क्षेत्र के एक परिवार के यहां रुद्रपुर का रहने वाला एक युवक पिछले कुछ समय से रह रहा था। मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों को युवक के दूसरे समुदाय से होने की भनक लगी। जब ग्रामीणों ने उससे पूछताछ की, तो उसने अपना नाम अमित बताया। शक गहराने पर ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ कोतवाली ले आई।
युवक के पकड़े जाने की खबर फैलते ही ग्रामीण और हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता लालकुआं कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के समक्ष युवक के साथ-साथ उसे अपने घर में शरण देने वाले परिवार के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। हालांकि, बाद में संबंधित परिवार ने ग्रामीणों के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में उस युवक से किसी भी तरह का संपर्क न रखने का लिखित या मौखिक भरोसा दिया।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीणों ने एक युवती से दोस्ती के नाम पर युवक के बार-बार घर आने और पहचान छिपाने की शिकायत की थी। पुलिस युवक को कोतवाली ले आई थी, लेकिन इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर न मिलने के कारण पुलिस ने शांति व्यवस्था के तहत युवक का पुलिस एक्ट के तहत चालान कर दिया है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद




