हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर भीषण हादसा: रॉन्ग साइड से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, लगी आग; एक छात्र की मौत, दूसरा गंभीर
हल्द्वानी। लालकुआं हाईवे पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक छिटककर दूर जा गिरी और उसमें अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में बाइक सवार दो कॉलेज छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
सामने से आ रहे काल को देखकर दिया था हाथ से इशारा
जानकारी के मुताबिक, लालकुआं वार्ड नंबर 4 के रहने वाले 20 वर्षीय आयन खान (पुत्र शमशेर खान) और सिद्धार्थ सिंह (पुत्र वीर सिंह) कॉलेज के छात्र हैं। गुरुवार रात दोनों किसी काम से लालकुआं से हल्द्वानी की ओर आ रहे थे।
इसी दौरान मोती नगर के पास हाईवे पर सामने से गलत दिशा में एक तेज रफ्तार ट्रक आता दिखा। बताया जा रहा है कि छात्रों ने हाथ से इशारा करके ट्रक को किनारे जाने को भी कहा, लेकिन बेकाबू ट्रक चालक ने सीधे उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
राहगीर ने दिखाई इंसानियत, अस्पताल में तोड़ा दम
टक्कर लगते ही बाइक में आग लग गई और दोनों छात्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। इसी बीच वहां से गुजर रहे वनभूलपुरा निवासी रऊफ अंसारी ने सूझबूझ और इंसानियत दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। उन्होंने समय न गंवाते हुए दोनों घायलों को अपने वाहन में बैठाया और डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान सिद्धार्थ की मौत हो गई, जबकि आयन की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
कोट:
“हादसे के बाद ट्रक चालक फरार है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।”
— विजय मेहता, कोतवाल
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद


