मुक्तेश्वर: अवैध होटल रिजॉर्ट की जांच होगी, कुमाऊं आयुक्त ने दिए निर्देश


हल्द्वानी। नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने क्षेत्र में तेजी से बन रही बहुमंजिला इमारतों और रिजॉर्ट को लेकर गंभीर चिंता जताई। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कुछ लोगों द्वारा समूह बनाकर बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं और साथ ही होमस्टे योजना का लाभ भी लिया जा रहा है।
आयुक्त ने प्रथम दृष्टया इन निर्माणों को भू-कानून का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि मुक्तेश्वर क्षेत्र में इस प्रकार की बड़ी इमारतों का निर्माण और योजनाओं का दुरुपयोग गंभीर मामला है। इससे भू-कानून की भावना प्रभावित हो रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में भू-कानून का व्यापक दुरुपयोग होने की आशंका है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बन रही ऐसी सभी इमारतों और रिजॉर्ट की विस्तृत जांच की जाए। साथ ही पूरे मामले की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या अनियोजित निर्माण की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इस प्रकार के निर्माणों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि भू-कानून का दुरुपयोग रोका जा सके।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद


