मानकों के उल्लंघन पर 26 होटल और होम-स्टे पर सख्त कार्रवाई

हल्द्वानी। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंचीधाम क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित और नियमों की अनदेखी करने वाले होटल व होम-स्टे पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के बाद जिला पर्यटन विकास अधिकारी की अगुवाई में क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान 26 इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें बड़े पैमाने पर अनियमितताएं पाई गईं।
निरीक्षण में सामने आया कि कई होम-स्टे और होटलों में रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं की गई थी, जबकि कुछ स्थल पंजीकृत क्षमता से अधिक कमरों का संचालन कर रहे थे। पर्यटन नियमावली का उल्लंघन करने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए 22 पंजीकृत इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
इनमें चिराग, त्रिशूल, कृष्णा, रेखा बिष्ट, त्रिलोकी, माधवी, माँ भगवती, रोहित, दीप्ति, कुन्दन नेगी, शरद तिवारी, हर्षित तिवारी और निर्मल रिसोर्ट जैसी इकाइयां शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, बिना वैध पंजीकरण के चल रही 2 इकाइयों उमेश दत्त तिवारी होम स्टे और होटल ट्रिनिटी पर अर्थदंड के साथ तत्काल प्रभाव से संचालन बंद (सील) करने के आदेश जारी किए गए हैं।
वहीं मारुति, बाबा बैंसन रिसोर्ट, मोनाल, सिद्धि गेस्ट हाउस, ग्रीन वैली और मोहन रेजेंसी सहित मानकों में कमी पाने पर हेमंत कुमार मेहता, कासा माउंटेन, गिरिराज किशोर गुप्ता और विवेक कुमार शर्मा की 4 इकाइयों को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा व सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। जिले में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद




