उत्तराखंड: सीएम ने 15 अक्तूबर तक सड़क ठीक करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसून के तत्काल बाद राज्य में क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अक्तूबर तक सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त कर लिया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री ने पांच साल की अवधि पूरी कर चुकी पीएमजीएसवाई की सड़कों का ब्योरा जुटाने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास में राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान उन्होंने मानसून, सड़कों की स्थिति, चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, आपदा प्रबंधन, जन-जन के द्वार कार्यक्रम और सत्यापन अभियान जैसे विषयों पर दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी डीएम को मानसून को देखते हुए सतर्कता बरतने और आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने फोन चालू रखें और किसी भी परिस्थिति में संपर्क से बाहर न रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान आपदा या बारिश के कारण जहां-जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनका प्रस्ताव तैयार किया जाए। ऐसे स्थानों का चिह्नीकरण कर मानसून समाप्त होते ही क्षतिग्रस्त सड़कों, मार्गों एवं ड्रेनेज व्यवस्था का पुनर्निर्माण शुरू करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अक्तूबर तक राज्य की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाना है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद


