हल्द्वानी:दूध-घी बेचने वाली आधा दर्जन दुकानों पर छापा

हल्द्वानी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में दुग्ध उत्पाद बेचने वाली आधा दर्जन दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने खास तौर पर डेयरी उत्पादों, घी की गुणवत्ता और पैकेट पर दी गई जानकारी की जांच की।
इस दौरान अलग-अलग जगहों से पनीर और घी के तीन नमूने लिए गए हैं। वहीं बाजपुर से आ रहे एक वाहन को रोककर पनीर और देसी घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई सात अगस्त को जारी किए गए आदेश के बाद की जा रही है। आदेश में ऐसे डेयरी उत्पादों और गैर-दुग्ध पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाई गई है, जिन्हें इस तरह तैयार या पैक किया जाता है कि वे असली दूध से बने उत्पाद जैसे दिखाई दें। इसके तहत निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर भी नजर रखी जा रही है।
सोशल मीडिया से मिली शिकायत के आधार पर एक अन्य स्थान से गोवर्धन घी का सैंपल भी जांच के लिए लिया गया। इसके अलावा एक डेयरी प्रतिष्ठान से मदर डेयरी घी का नमूना भी लिया गया है। सभी नमूनों को सुरक्षित तरीके से सील कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इनमें तय मानकों के मुताबिक गुणवत्ता है या नहीं। सहायक आयुक्त एवं जिला अभिहित अधिकारी अजय सिंह रावत ने बताया कि रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह शामिल रहे।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद


