बड़ी खबर:नैनीताल में बड़ी कार्रवाई, 230 रिजॉर्ट और होटलों का पंजीकरण निरस्त

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में होम स्टे की अनुमति लेकर संचालित किए जा रहे होटल व रिजॉर्ट्स पर पर्यटन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। रामनगर, नैनीताल, हल्द्वानी समेत अन्य जगहों पर बने 230 रिजॉर्ट व होटलों का पंजीकरण पर्यटन विभाग ने निरस्त कर दिया है।
पर्यटन विभाग की ओर से जारी नोटिसों का सही जवाब नहीं देने पर यह कार्रवाई की गई है। इससे होटल व रिजॉर्ट्स संचालकों में हड़कंप मच गया है। जिले में करीब 1800 होटल, रिजॉर्ट्स व होम स्टे हैं। बीते माह प्रशासन की जांच में रामनगर समेत कई जगहों पर होम स्टे की अनुमति लेकर होटल व रिजॉर्ट संचालित करने के मामले सामने आए थे।
खास बात यह है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ये प्रतिष्ठान कई साल से अफसरों के नाक के नीचे ही चल रहे थे। होम स्टे में स्वीमिंग पूल की अनुमति नहीं होती हैं, लेकिन आलीशान रिजॉर्ट्स व होटलों में मानकों के विपरीत स्वीमिंग पूल तक बनाए गए थे।
रामनगर एसडीएम गोपाल सिंह चौहान की जांच में मामला सामने आने के बाद डीएम ने जिले में होटल व रिजॉर्ट्स के मानक चेक कराए। जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि पर्यटन विभाग ने नियमों का उल्लघंन करने वालों को नोटिस जारी किया था। जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की गई।
शहर में नहीं मिलेगी होम स्टे की अनुमति
जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि अब शहर में होम स्टे की अनुमति नहीं दी जाएगी। पांच जून को इसके लिए शासन ने शासनादेश पारित किया है। बताया कि अब तक शहर में होम स्टे के लिए आवेदन कर चुके हैं। पर होम स्टे केवल गांव में ही अनुमति दी जाएगी।
पंजीकरण नहीं कराने वालों पर हर दिन लगेगा जुर्माना
पर्यटन विभाग के अनुसार पंजीकरण नहीं कराने वालों पर अब हर दिन जुर्माना लगाया जाएगा। जल्द ही पंजीकरण की आखिरी तारीख की घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद भी पंजीकरण नहीं कराने वालों पर 10-10 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा।
पर्यटन विभाग के अनुसार जिन रिजॉर्ट व होटलों का पंजीकरण निरस्त किया गया है, उन्हें मामले की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए जल संस्थान, दमकल विभाग, डीडीए का नक्शा, जमीन के पपत्र आदि संग ऑनलाइन आवेदन करने होगा।
विभिन्न विभागों से होटल व रिजॉर्ट के मानकों की जांच कराई गई थी। होम स्टे की अनुमति पर होटल-रिजॉर्ट संचालित किए जा रहे हैं। वहां पर न तो स्वीमिंग पूल के मानक पूरे किए जा रहे हैं, कर्मचारियों को भी मानकों की जानकारी नहीं है।
गोपाल सिंह चौहान, एसडीएम रामनगर।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद


