कुमाऊं: होली के दिन दुकान खोलने के विवाद में खूनी झड़प,युवक का अंगूठा कटा

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। होली के पावन अवसर पर लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखत्ता इलाके में दुकान जबरन खुलवाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक का अंगूठा कट गया और एक अन्य व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, बिंदुखत्ता निवासी प्रेम प्रकाश होली के दिन अपने चाचा के घर पर थे। इसी दौरान कंचन पांडे, मुन्ना पांडे, हरीश पांडे, राहुल बिष्ट सहित कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे। उन्होंने जबरन दुकान खोलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हुई और विवाद तेजी से हिंसक झड़प में बदल गया। परिवार का दावा है कि आरोपी पूरी प्लानिंग के साथ आए थे। उन्होंने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रेम प्रकाश के जमाई (दामाद) सागर आर्य पर भी हमला हुआ, जिसमें उनका अंगूठा कट गया। साथ ही एक अन्य व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई।

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज और मेडिकल परीक्षण किया गया।पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने सुनियोजित तरीके से विवाद खड़ा किया और हमला बोला। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

प्रेम प्रकाश ने लालकुआं कोतवाली में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल चुकी है और जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की बात कही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें

👉 सजग पहाड़ से फेसबुक पर जुड़ें

👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद