हल्द्वानी:मालिक से बदला लेने को चुराई स्कूटी

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित एक शोरूम से तीन नई स्कूटी चुराने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी शोरूम का पुराना कर्मी निकला, जिसने पूर्व में यहां काम करते हुए मालिक के साथ हुई कहासुनी का बदला लेने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने तीनों स्कूटी को बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया है। चोरी की इस घटना का सोमवार को खुलासा करते हुए एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि शोरूम के मालिक गल्ला मंडी रुद्रपुर निवासी राजेश बंसल ने 12 दिसंबर को शिकायत दी थी। चोरी का घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हुआ था। केस दर्ज कर सीओ सिटी अमित सैनी और टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लोगों से पूछताछ के आधार पर चोरी के आरोपी हिमांशु निवासी हाल जेके पुरम, मुखानी और मूल निवासी नंदग्राम गाजियाबाद, यूपी को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में इस शोरूम में बतौर कर्मचारी काम करता था।
वित्तीय मामले में मालिक से कहासुनी होने के बाद उसे इसी साल सितंबर में निकाल दिया गया था। मालिक से बदला लेने के लिए उसने शोरूम से जाते-जाते एक चाबी चुरा ली। उसी से बीते दिनों वारदात को अंजाम दिया।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद


