नैनीताल में यूपी के भाजपा विधायक के बेटे की हेकड़ी निकली, गाड़ी सीज(वीडियो)

नैनीताल: सरोवर नगरी में यातायात नियमों का उल्लंघन और ‘वीआईपी कल्चर’ का रौब दिखाना उत्तर प्रदेश के एक भाजपा विधायक के पुत्र को भारी पड़ गया। मालरोड पर जाम के दौरान बिना अनुमति हूटर बजाने और एसडीएम से अभद्रता करने पर पुलिस ने विधायक पुत्र की कार को मौके पर ही सीज कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
यूपी के फतेहपुर (जहानाबाद) से भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल का बेटा राहुल पटेल नैनीताल घूमने आया था। सोमवार को मालरोड पर भारी जाम के दौरान विधायक की कार में सवार चालक बेवजह हूटर बजाने लगा। आवाज सुनकर मौके पर मौजूद एसडीएम ने अपना वाहन किनारे कर दिया, लेकिन शक होने पर जब गाड़ी रुकवाई, तो विवाद शुरू हो गया।
सीएम के नाम की धमकी और स्थानीय लोगों का विरोध
कार में सवार राहुल पटेल ने गलती मानने के बजाय एसडीएम से बहस शुरू कर दी। उसने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और उच्च अधिकारियों से बात कराने की धमकी दी और फोन पर शिकायत करने का नाटक करने लगा। पर्यटक की इस बदतमीजी को देख स्थानीय लोग भी भड़क गए और एसडीएम के समर्थन में खड़े होकर विधायक पुत्र को जमकर फटकार लगाई।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
तल्लीताल पुलिस ने जब वाहन (UP 33V 0003) के दस्तावेज ऑनलाइन चेक किए, तो वे उपलब्ध नहीं थे। चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए गाड़ी को सीज कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई को नैनीताल में वीआईपी कल्चर के खिलाफ एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद


