गौलापार में दर्दनाक हादसा: पानी के टैंक में गैस रिसाव से मां और दो बेटों की मौत

हल्द्वानी। गौलापार के मानपुर गांव में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास बने पानी के टैंक की शटरिंग खोलने उतरे दो सगे भाइयों और उन्हें बचाने गई मां की संदिग्ध गैस की चपेट में आने से मौत हो गई।
एक-दूसरे को बचाने में गई तीनों की जान
जानकारी के मुताबिक, मानपुर निवासी 38 वर्षीय धर्मेंद्र बिष्ट मंगलवार शाम करीब 7 बजे घर के पानी के टैंक की शटरिंग खोलने नीचे उतरे थे। बताया जा रहा है कि शटरिंग का एक हिस्सा टूटने और अंदर दम घुटने से वह बेहोश हो गए। भाई को संकट में देख छोटा भाई 34 वर्षीय खुशाल सिंह बिष्ट भी टैंक में उतर गया, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सका।
दोनों बेटों को काफी देर तक बाहर न आता देख 59 वर्षीय मां सरस्वती देवी भी टैंक के भीतर उतर गईं और वह भी विषैली गैस की चपेट में आ गईं।
तीनों के लंबे समय तक बाहर न आने पर परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद तीनों को टैंक से बाहर निकाला और तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के ईएमओ डॉ. मोहित ने बताया कि रात करीब 8:40 बजे तीनों को लाया गया था, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक दृष्टि में मौत की वजह जहरीली/दमघोटू गैस लगने की आशंका जताई जा रही है।
बिष्ट परिवार मूल रूप से नैनीताल जिले के ओखलकांडा स्थित कौंता गांव का निवासी है। बड़ा बेटा धर्मेंद्र प्लंबिंग का काम करता था, जबकि छोटा बेटा खुशाल एक प्राइवेट फैक्ट्री में कार्यरत था। दोनों अपनी मां के साथ गौलापार में रह रहे थे।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 सजग पहाड़ के समाचार ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें, अन्य लोगों को भी इसको शेयर करें
👉 अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारे इस नंबर +91 87910 15577 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें! धन्यवाद



